दीपावली की रौनक के बीच जयपुर की कलानेरी आर्ट गैलरी में कला, शिल्प, संगीत और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां 21 से 25 अक्टूबर तक पांच दिवसीय ‘दीवाली फ्ली मार्केट’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें करीब 45 कलाकार और कला उत्पादों से जुड़े प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता को प्रदर्शित कर रहे हैं। प्रतिदिन शाम 5 से रात 10 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में कलात्मक वस्तुओं की खरीदारी के साथ रचनात्मक कार्यशालाओं, संगीत प्रस्तुतियों और साहित्यिक गतिविधियों का आनंद भी लिया जा सकेगा। आयोजन में प्रवेश निशुल्क है। कलानेरी की सौम्या विजय शर्मा ने बताया कि आयोजन की खास अवधारणा ‘वन वेंडर, वन आर्ट’ रखी गई है। इसके तहत प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी विशिष्ट कला और शिल्प को प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य दीपावली की खरीदारी को केवल वस्तुओं की खरीद तक सीमित न रखकर एक रचनात्मक अनुभव बनाना है। यहां लोग घर और कार्यालय की सजावट, उपहारों और व्यक्तिगत उपयोग के लिए कलात्मक वस्तुएं खरीदने के साथ उनके पीछे की कला और शिल्प परंपरा को भी करीब से जान सकेंगे। दीवाली फ्ली मार्केट में राजस्थान की पारंपरिक हस्तकलाओं को विशेष स्थान दिया गया है। ब्लू पॉटरी, सांगानेरी और बगरू ब्लॉक प्रिंट, पिछवाई तथा मोलेला की कला परंपराएं यहां आकर्षण का केंद्र हैं। इन कलाओं के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कारीगरी की बारीकियों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उत्सवी माहौल में सजे स्टॉल कला प्रेमियों और दीपावली की खरीदारी करने वालों को पारंपरिक शिल्प के साथ समकालीन कलात्मक उत्पादों से रूबरू करा रहे हैं। पांच दिनों के दौरान अलग-अलग रचनात्मक कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें प्रतिभागियों को मिट्टी और रंगों के साथ अपनी कल्पनाओं को आकार देने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा ओपन माइक, गजल और गीतों की प्रस्तुतियां, शेरो-शायरी, संगीत संवाद और साहित्यिक चर्चाएं भी कार्यक्रम का हिस्सा हैं। लाइट शो और अस्सी के दशक के बॉलीवुड संगीत पर आधारित विशेष संध्या के जरिए आयोजन में पुरानी यादों और उत्सवी रंगों का मेल देखने को मिलेगा। खानपान के विविध विकल्प और लाइव प्रस्तुतियां भी यहां आने वाले लोगों के अनुभव को खास बनाएंगी। पद्मश्री डॉ. माया टंडन से जुड़ी द लाइफ सेवर, बाल संबल और नया सवेरा जैसी संस्थाओं की सहभागिता से इस आयोजन को सामाजिक संवेदनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है। कलानेरी की ओनर सौम्या विजय शर्मा और ब्रिटेन की ब्राइटन यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की शिक्षा प्राप्त कलरूट्स के श्रेय शर्मा इस आयोजन से जुड़े हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ पद्मश्री आरके डेरेवाला, पद्मश्री एस. शाकिर अली और समाजसेवी राकेश राठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।