पंचायत चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी रविवार को राजसमंद जिले के दौरे पर रहीं। उन्होंने सरदारगढ़, केलवा, कुठवा और कुरज में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। दिया कुमारी किशनगढ़ से सड़क मार्ग के जरिए सरदारगढ़ पहुंचीं, जहां उन्होंने जिला परिषद प्रत्याशी अनिल खटीक के समर्थन में सभा को संबोधित किया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री केलवा पहुंचीं और जिला परिषद वार्ड 17 से भाजपा प्रत्याशी कर्णवीर सिंह के समर्थन में पहुंचीं। स्थानीय समाजसेवी के निधन के कारण यहां उन्होंने सभा को संबोधित नहीं किया। पत्रकारों से बातचीत में दिया कुमारी ने कहा - भाजपा की स्थिति मजबूत है और प्रत्याशी अच्छे वोटों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद और पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनेंगे। भाजपा प्रत्याशी कर्णवीर सिंह ने कहा - वार्ड 17 में भाजपा शुरू से ही मजबूत स्थिति में है। भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में जनता की सेवा की है, जिसका लाभ चुनाव में पार्टी को मिलेगा। इस दौरान राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।