श्रीगंगानगर| जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत 1 मई से जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जारी है। उन्होंने आमजन सहित सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की कि वे 15 मई 2026 तक उपलब्ध ऑनलाइन पोर्टल पर स्व-गणना अवश्य पूर्ण करें। कलेक्टर ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया के तहत नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर राज्य चयन, मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी सत्यापन, भाषा चयन और डिजिटल मानचित्र पर अपने मकान का चिन्हीकरण करना आवश्यक है। अंतिम सबमिशन के बाद 11 अंकों की विशिष्ट एसई आईडी जारी की जाती है, जिससे डेटा सुरक्षित हो जाता है। बैठक में नहरबंदी के दौरान पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए जलदाय विभाग को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता होने पर टैंकरों से आपूर्ति करने के भी निर्देश दिए गए। वहीं, समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को बारदाना, उठाव और भुगतान की व्यवस्था सुचारू रखने को कहा गया। कलेक्टर ने ग्राम रथ अभियान के तहत अधिकारियों को गांवों में जाकर योजनाओं की जानकारी देने और आमजन को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ गिरधर, अशोक असीजा, धीरज चावला, डॉ. अजय सिंगला, भीमसेन स्वामी, विजय कुमार शर्मा, ऋषभ जैन, राकेश कुमार, मंगत सेतिया, विजय कुमार, डॉ. सुखपाल सिंह बराड़, कविता सिहाग, महीपाल माली, प्रीति गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।