बालोतरा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त, पीसा हुआ डोडा पोस्त, अफीम व अफीम का दूध बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जसोल में एक आरोपी के घर से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त से अर्जित 64,400 रुपए नकद, इलेक्ट्रॉनिक कांटे व मोबाइल फोन भी जब्त किए। वहीं, पचपदरा क्षेत्र में अफीम के दूध के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कवांत ने बताया कि जिले में नशाखोरी पर नियंत्रण और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत डीएसटी बालोतरा की सूचना पर जसोल पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि जसोल के प्रजापतों का मोहल्ला निवासी जीवनगिरी गोस्वामी ने अपने घर में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखे हैं। मकान की तलाशी ली तो पशु बांधने के स्थान पर 1.970 किलो डोडा पोस्त बरामद किया। दूसरी कार्रवाई में 15 अक्टूबर को गश्त के दौरान गुड़ामालानी वृताधिकारी सुमेरसिंह राठौड़ ने एक संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो का पीछा किया। चालक बालोतरा-पचपदरा बाइपास से जेरला स्थित सवाईराम फड़ौदा के मकान के बाहर वाहन खड़ा कर अंदर चला गया। इसी दौरान मकान से निकला एक अन्य व्यक्ति स्कॉर्पियो लेकर भागने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। उसकी पहचान गिड़ा थाना क्षेत्र के लापुंदड़ा निवासी केशाराम उर्फ केशा मारवाड़ी (29) के रूप में हुई। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों के आधार पर मकान की तलाशी ली तो एक कमरे में थैली सहित 235 ग्राम अफीम का दूध बरामद हुआ। पुलिस ने अफीम का दूध जब्त करने के साथ स्कॉर्पियो भी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पचपदरा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में मादक पदार्थों के स्रोत, खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जांच की जा रही है।