डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र में दोवड़ा तिराहे पर एक क्रेन और बाइक की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्रेन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। दोवड़ा थाने के एएसआई मणिलाल ने बताया कि उन्हें फोन पर दोवड़ा तिराहे पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दोवड़ा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को मौके पर एक पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में मिले। उनकी पहचान रतनपुरा निवासी गणेश लाल और उनकी पत्नी जशोदा के रूप में हुई। हादसे के बाद क्रेन ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने निजी वाहन से दोनों शवों को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे और शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार क्रेन ड्राइवर की तलाश जारी है।