भास्कर न्यूज | बाड़मेर चौहटन तहसील के कुम्भारों नाडी बांकलसर में पिछले छह महीनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। ओपन वेल में पानी की कमी नहीं है। जलदाय विभाग का कर्मचारी नहीं होने से कुआं चलाने वाला कोई नहीं है। ग्रामीणों को मजबूरी में टैंकरों से जलापूर्ति करानी पड़ रही है। पहले ओपन वेल से पाइपलाइन के जरिए पास के गांव मेघपुरा जयरामदेरिया, बांकलसर की 300 ढाणियों, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुम्भारों की नाडी तक पानी पहुंचता था। अब सप्लाई बंद पड़ी है। ज्येष्ठ महीने में पशुओं को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की। जलदाय विभाग के अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद समस्या पर सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीण भूपेश कुमार प्रजापत ने बताया कि कर्मचारी नहीं होने से 400 से 500 रुपए देकर टैंकर डलवाना पड़ रहा है।