करौली| जिले में नशे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम ने सोमवार को एक बड़ा रूप लिया, जब पुलिस ने वर्षों से जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों को एक साथ नष्ट कर दिया। पुलिस लाइन परिसर में सुबह से ही हलचल रही। डीडीसी (डिस्ट्रिक्ट डिस्पोजल कमेटी) की निगरानी में जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, माहौल में सख्ती और संतोष दोनों नजर आए। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम सहित पुलिस अधिकारियों की टीम मौजूद रही। एक-एक केस का रिकॉर्ड जांचा गया और फिर नियमानुसार मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया। जैसे-जैसे आग की लपटें उठीं, वैसे-वैसे करोड़ों की अवैध कमाई का जाल भी राख में बदलता चला गया। कुल 26 मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों की कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई। इनमें सबसे ज्यादा स्मैक थी, जो 16 मामलों में करीब 752 ग्राम से अधिक मात्रा में मिली। इसके अलावा 7 मामलों में करीब 55 किलो गांजा, 2 मामलों में 8 किलो से अधिक डोडापोस्त और एक मामले में 43 किलो से ज्यादा अफीम के हरे पौधे शामिल रहे। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और नियमों का विशेष ध्यान रखा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।