उदयपुर में जिला स्पेशल टीम (DST) और सूरजपोल थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35 ग्राम एमडीएमए और 24 हजार 892 रुपए नकद बरामद किए गए हैं, साथ ही वारदात में प्रयुक्त कार और बाइक भी जब्त कर ली गई है। थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर टाउन हॉल के पीछे न्यू रोड पर कार के अंदर अवैध मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त करते 3 आरोपी पकड़े हैं। इनमें आरोपी केपी अरशद हुसैन निवासी कांकरोली राजसमंद, मेहमूद हुसैन उर्फ विलाल निवासी अंबामाता और लव पिता घनश्याम निवासी कांकरोली राजसमंद को गिरफ्तार किया है। अरशद और लव दोनों मेहमूद से खरीदने आए थे MDMA थानाधिकारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मुलजिम केपी अरशद हुसैन और लव दोस्त है, जो एक ही कस्बे के रहने वाले है। दोनों सोमवार शाम उदयपुर निवासी मेहमूद हुसैन उर्फ विलाल से मादक पदार्थ एमडीएमए खरीदने के लिए उदयपुर आए थे। महमूद हुसैन द्वारा दोनों को टाउन हॉल के पीछे डिलीवरी के लिए बुलाया गया। रोड पर कार के अंदर बैठकर मादक पदार्थ की खरीद फरोख्त करते समय पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। आरोपियों के एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई जारी है।