डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में सरकन कोपचा गांव के पास ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार महेश कुमार रोत की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। सदर थाने के एसआई महेश चंद्र ने बताया कि आसेला निवासी सोमा रोत ने रिपोर्ट दी है। उनके मुताबिक, उनका बेटा महेश कुमार रोत बाइक से डूंगरपुर से अपने घर आसेला लौट रहा था। सरकन कोपचा के पास सागवाड़ा की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर सामने से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेलर ड्राइवर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत साइड में आ गया था। टक्कर के बाद महेश कुमार बाइक समेत सड़क पर गिर गया। उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। 108 एम्बुलेंस से उसे जनरल अस्पताल डूंगरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। मामले की जांच जारी है।