रेलवे ने ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए तीन जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें साबरमती-शकूरबस्ती-साबरमती और असारवा-शकूरबस्ती-असारवा मार्गों पर चलेंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों से राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को राहत मिलेगी। गाड़ी संख्या 09127 असारवा-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन 22 मई, शुक्रवार को असारवा से रात 11:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 09128 शकूरबस्ती-असारवा स्पेशल 24 मई, रविवार को रात 9:20 बजे शकूरबस्ती से चलेगी। यह ट्रेन जयपुर स्टेशन पर तड़के 2:45 बजे पहुंचकर 2:55 बजे प्रस्थान करेगी और शाम 4:30 बजे असारवा पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग में डूंगरपुर, उदयपुर सिटी, अजमेर और जयपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09131 असारवा-शकूरबस्ती स्पेशल 23 मई, शनिवार को सुबह 3:30 बजे असारवा से रवाना होगी और रात 11:30 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 09132 शकूरबस्ती-असारवा स्पेशल 25 मई, सोमवार को सुबह 3:15 बजे शकूरबस्ती से चलकर रात 11:05 बजे असारवा पहुंचेगी। यह ट्रेन डूंगरपुर, ऋषभदेव रोड, उदयपुर सिटी, मदार और रेवाड़ी (वाया रींगस) स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अतिरिक्त गाड़ी संख्या 09125 साबरमती-शकूरबस्ती स्पेशल 22 मई को रात 9:35 बजे साबरमती से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 09126 शकूरबस्ती-साबरमती स्पेशल 25 मई को सुबह 3 बजे शकूरबस्ती से चलकर रात 8:30 बजे साबरमती पहुंचेगी। यह ट्रेन आबूरोड, पिंडवाड़ा, मदार और जयपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। तीनों स्पेशल ट्रेनों में 18 द्वितीय शयनयान, 2 साधारण श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने की अपील की है।