डूंगरपुर में अजमेर विद्युत वितरण श्रमिक संघ की जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शपथ लेकर श्रमिकों के हितों के लिए सक्रियता से काम करने का संकल्प लिया। अधिवेशन के बाद आयोजित बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में संभाग संगठन मंत्री सीताराम जाट ने संगठन की कार्यशैली, कार्यक्रमों और कार्यनीति की जानकारी दी। वहीं, पूर्व कार्यकर्ता केशव सुथार ने श्रमिक हितों के लिए किए जाने वाले कार्यों पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। प्रभारी नंदलाल पंड्या ने चीतरी इकाई की ओर से अधिवेशन का सफल आयोजन करने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने नवनियुक्त कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने की बात कही। डिस्कॉम उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ संगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितों के लिए काम कर रहा है। अब असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तक भी संगठन की पहुंच बढ़ाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को जोड़कर उनके हितों की रक्षा की जा सके। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने की। धनराज प्रजापत ने अधिवेशन से जुड़े आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। नवनियुक्त महामंत्री महेश पाटीदार ने बैठक का संचालन किया। बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा श्रमिकों के हितों के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।