डूंगरपुर में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी पंचायतराज चुनाव और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बूथ सशक्तिकरण, शक्ति केंद्र गठन, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और पंचायत चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली ने की, जबकि सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश संगठन के अभियान "बूथ जीतेगा तो चुनाव जीतेगा" के तहत प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। जिला पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को 15 अगस्त तक बूथ और शक्ति केंद्रों की संरचना का कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह भी तय किया गया कि सभी जिला पदाधिकारी नियमित रूप से मंडलों में रात्रि विश्राम करेंगे। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना, स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त करना और संगठन को गांव-गांव तक अधिक सक्रिय बनाना है। प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मान की परंपरा को मजबूत करने का निर्णय लिया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़े और नए कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिल सके। संगठनात्मक अनुशासन को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया और निष्क्रिय जिला पदाधिकारियों की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजने का फैसला किया गया। जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। विधायक शंकरलाल डेचा ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या ने सोशल मीडिया और आईटी सेल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, डूंगरपुर विधानसभा प्रत्याशी बंशीलाल कटारा सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।