डूंगरपुर जिले की करावाड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर देशल दान ने प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त रुख दिखाया। चौपाल के दौरान रसद विभाग के अधिकारी अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने प्रवर्तन निरीक्षक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्रामीणों की पानी, सड़क, स्कूल, सिंचाई और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के आदेश भी दिए। करावाड़ा में लगी रात्रि चौपाल, बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण राजकीय सीनियर माध्यमिक स्कूल परिसर में आयोजित रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। जिला कलेक्टर देशलदान ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों से जवाब-तलब किया। चौपाल में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी परेशानियां प्रशासन के सामने रखीं। रसद विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा चौपाल के दौरान रसद विभाग से जुड़ी गंभीर शिकायतें सामने आईं। ग्रामीणों ने विभागीय अव्यवस्थाओं और कामकाज में लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। जब जिला कलेक्टर ने मौके पर रसद अधिकारी और प्रवर्तन निरीक्षक की उपस्थिति जांची, तो दोनों अनुपस्थित पाए गए। अधिकारी गायब मिले तो दिए निलंबन के निर्देश सरकारी कार्यक्रम में अनुपस्थिति और जिम्मेदारी में लापरवाही को गंभीर मानते हुए जिला कलेक्टर देशल दान ने प्रवर्तन निरीक्षक को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने रखीं ये प्रमुख मांगें चौपाल में ग्रामीणों ने स्कूल में रिक्त पद भरने, नए कमरों का निर्माण कराने, पेयजल संकट दूर करने, नए हैंडपंप लगवाने और गांव की सड़कों का डामरीकरण कराने की मांग रखी। इसके अलावा पोहरी पटेलन क्षेत्र में अधूरा नाली निर्माण कार्य पूरा कराने, लघु सिंचाई योजना के तहत तालाबों की मरम्मत करवाने और जल संसाधन विभाग द्वारा कराए गए कार्यों की जांच की भी मांग की गई। सुरक्षा के लिए CCTV लगाने की मांग ग्रामीणों ने गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी उठाई। इस पर जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर बोले- समाधान में नहीं हो देरी जिला कलेक्टर ने चौपाल में मौजूद विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। छात्र-छात्राओं का भी किया सम्मान कार्यक्रम के अंत में जिला कलेक्टर देशल दान ने क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।