डूंगरपुर में कलेक्ट्रेट के सामने एक दुकान में 37 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार सुबह की है, जब युवक घर से दुकान पर आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस घटना का पता तब चला जब पड़ोसी दुकानदार ने दुकान का शटर आधा खुला देखा। अंदर झांकने पर युवक फंदे से लटका मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई। चचेरे भाई ने पुलिस में दी रिपोर्ट कोतवाली थाने के एसआई चंदुलाल ने बताया कि मृतक की पहचान शहर के सुथारवाडा निवासी नीरज सुथार (37) के रूप में हुई है। नीरज की कलेक्ट्रेट के सामने एल्युमिनियम सेक्शन की दुकान थी। उसके चचेरे भाई पार्थ सुथार ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पार्थ सुथार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि नीरज मंगलवार सुबह करीब 8 बजे घर से दुकान जाने के लिए निकला था। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।