डूंगरपुर जिले में भीषण गर्मी के बीच मूक पशुओं और पक्षियों के लिए 'गौ सेवा पुण्यार्थ महाअभियान 2.0' चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गायों और मवेशियों के लिए 51 'गौ गंगा' टंकियां वितरित की गई हैं, साथ ही गौशालाओं तक 18 ट्रैक्टर हरा चारा भी पहुंचाया गया है। अभियान से जुड़े केशव पंड्या ने बताया कि मूक पशुओं की सेवा के उद्देश्य से यह पहल 2 साल पहले शुरू की गई थी। मंगलवार को वसी, पुनाली और खेड़ा कच्छवासा गांवों में 30 से ज्यादा 'गौ गंगा' टंकियां बांटी गईं। बुधवार को डूंगरपुर शहर में 21 और टंकियां वितरित की जाएंगी। इन टंकियों को घरों के बाहर, सार्वजनिक स्थानों और सड़कों के किनारे स्थापित किया जा रहा है, जिनकी नियमित रूप से साफ पानी से भरने की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को सौंपी गई है। 'हर घर से प्रतिदिन 1 रुपया' संग्रह करने का अभियान पंड्या ने जानकारी दी कि पिछले साल भी 80 टंकियों का वितरण किया गया था। इसके अलावा गौशालाओं में हरे चारे की व्यवस्था के लिए 'हर घर से प्रतिदिन 1 रुपया' संग्रह करने का अभियान चलाया गया। इसमें लोगों ने एक रुपए से लेकर 365 रुपए तक का सहयोग दिया, जबकि कई व्यक्तियों ने सीधे हरा चारा, सब्जियां और दाने भी उपलब्ध करवाए। इस एकत्रित राशि से अब तक 18 ट्रैक्टर हरा चारा खरीदकर भंडारिया स्थित महावीर कल्याण गौशाला में पहुंचाया जा चुका है। 5 हजार परिंडे भी बांटे जा चुके अभियान के तहत मूक पक्षियों के लिए भी विशेष प्रयास किए गए हैं। गर्मियों में पक्षियों को पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अब तक 5 हजार परिंडों का वितरण किया जा चुका है। इस दौरान रक्षक दवे, हरिहर पंड्या, बंशीलाल कलाल, हिम्मत सिंह राजावत, संग्राम सिंह राजावत, जसवंत सिंह राजावत, देवीलाल पाटीदार, चंद्रशेखर चौबीसा, नारायणलाल सेवक, भगवतीलाल कलाल, मगेन्द्र चौबीसा, नरेंद्र सिंह चुंडावत, किशोर सिंह चुंडावत और तुलसीराम सुथार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।