डूंगरपुर के महात्मा गांधी टाउन स्कूल में कृषि पर्यवेक्षक की परीक्षा देने आए एक छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परीक्षा शुरू होने से पहले ही उसे सीने में दर्द और घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद उसे तुरंत डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्र अपनी परीक्षा नहीं दे सका। यह घटना शनिवार को आयोजित कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान हुई। परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होनी थी, लेकिन परीक्षार्थियों को दो घंटे पहले ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया गया था। भागेला नया गांव सुराता निवासी छात्र राजकुमार रोत परीक्षा कक्ष में अपनी सीट पर बैठा था, तभी उसे बेचैनी महसूस हुई। पेपर मिलने से पहले ही राजकुमार को सीने में तेज दर्द और घबराहट होने लगी। उसने तुरंत इसकी सूचना वीक्षक को दी, जिन्होंने केंद्राध्यक्ष से बात की। इसके बाद 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। ईएमटी रॉयल जैन और पायलट विशाल मनात राजकुमार को लेकर तुरंत डूंगरपुर अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने राजकुमार की जांच कर उसका इलाज शुरू किया। घटना की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम भी अस्पताल पहुंची और छात्र के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। हालांकि, तबीयत खराब होने के कारण राजकुमार रोत परीक्षा में शामिल नहीं हो सका।