डूंगरपुर में आबकारी विभाग ने धंबोला थाना क्षेत्र के दो गांवों में कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर दो मकानों से कुल 95 लीटर ताड़ी शराब बरामद की गई। इस मामले में आंध्रप्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आबकारी निरीक्षक राहुल शर्मा ने बताया कि गड़ावाटेश्वर में गुड़ापूरी साईदूलू के घर से 45 लीटर ताड़ी मिली। वहीं, रास्तापाल गांव में किराए के मकान में रहने वाले याराकाला यादइया के कब्जे से करीब 50 लीटर ताड़ी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी गुड़ापूरी साईदूलू और याराकाला यादइया मूल रूप से आंध्रप्रदेश के नालगोंडा जिले के रहने वाले हैं। उनके पास ताड़ी निकालने और बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। बरामद ताड़ी खजूर के पेड़ से बनाई जा रही थी और इसमें अलग-अलग तरह के रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।