डूंगरपुर। नगर परिषद ने शहर की हृदयस्थली गैप सागर झील सहित सुनेरिया व साबेला तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगरपरिषद द्वारा इन तीनों जल स्रोतों को स्वच्छ बनाने और उनकी प्राकृतिक सुंदरता को बहाल करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य शुरू किए गए हैं। नगरपरिषद की सभापति सुशीला गुप्ता ने शहर की पहचान और आस्था से जुड़ी ऐतिहासिक जल धरोहरों को संवारने की पहल की है। उनके निर्देशों के तहत, गैप सागर झील से लेकर सुनेरिया और साबेला तालाब तक सफाई और संरक्षण का कार्य प्रगति पर है। जलाशयों से कमल दल, झाड़ियों, कंटीले पौधों और फैली हुई गंदगी को हटाने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। वर्तमान में तीनों जलाशयों में कुल 11 नावों की मदद से सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिससे पानी के भीतर उगी जलीय झाड़ियों, कंटीले पौधों और किनारों पर जमा गंदगी को प्रभावी ढंग से निकाला जा रहा है। गैपसागर झील का सौंदर्यीकरण और सेल्फी पॉइंट सफाई के साथ-साथ गैप सागर झील के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। झील की पाल को आकर्षक रूप देने के लिए वहां खजूर के पेड़ लगाए गए हैं। इसके अलावा, नागरिकों और पर्यटकों के लिए झील की पाल पर एक विशेष 'सेल्फी पॉइंट' भी तैयार किया गया है, जहां लोग झील के मनमोहक नज़ारों के साथ अपनी तस्वीरें ले सकते हैं। सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि गैप सागर की तर्ज पर आगामी समय में सुनेरिया और साबेला तालाबों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।