जिले की स्पेशल पुलिस टीम (DST) ने मोबाइल पर मटका जुआ खेलते एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 10 हजार 200 रुपए की नकदी और ऑनलाइन लेनदेन की राशि जब्त की है। पुलिस के अनुसार DST टीम को सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र के कुशालमगरी रोड पर मोबाइल के जरिए मटका जुआ संचालित किया जा रहा है। इस सूचना पर टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां आरोपी जयंती कटारा, निवासी माथुगामड़ा, थाना सदर, संदिग्ध हालत में बैठा मिला। पूछताछ करने पर आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। उसके मोबाइल फोन और हाथ में मिली पर्ची की जांच करने पर मटका जुआ खेलने और पर्ची काटने की पुष्टि हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2,100 रुपए नकद और 8,100 रुपए ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से जुए में लगाए जाने की जानकारी मिली। इस प्रकार कुल 10,200 रुपए की राशि जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए कोतवाली थाने को सौंप दिया है। आरोपी जयंती कटारा के खिलाफ पहले से ही लगभग 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप के माध्यम से जुआ खेलने और यूपीआई के जरिए लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।