डूंगरपुर के बोरी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना में पुलिस की कथित लापरवाही भी सामने आई है। पीड़ित पक्ष ने 8 दिन पहले धमकी की रिपोर्ट दी थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। कोतवाली थाना क्षेत्र के रेडा फला निवासी कल्पेश बरंडा अपने पिता दिनेश बरंडा और भाभी कोकिला के साथ बाइक से डूंगरपुर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बोरी गांव के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने लाठियों और लोहे के पाइप से उन पर हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र के सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी ताराचंद भोई और पायलट दीपक मेनात मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दिनेश बरंडा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल कल्पेश बरंडा का उपचार जारी है। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मृतक के पिता केशू बरंडा ने बताया कि उनका गांव के रवि नामक व्यक्ति के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले जमीन को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें रवि ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी। केशू बरंडा के अनुसार, इस धमकी की रिपोर्ट कोतवाली थाने में 7 दिन पहले दी गई थी, लेकिन पुलिस की ओर से मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल, पुलिस घटना की जांच में जुटी है।