डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब उनके बेटे को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला था, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था। राजपुर निवासी गौतमलाल साद (55) के बेटे जिम्मी साद का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर चयन हुआ था। शनिवार को शहर के विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में आयोजित 'मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव' कार्यक्रम में जिम्मी को यह नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ। नियुक्ति पत्र मिलने के कुछ ही देर बाद गौतमलाल साद साबेला बायपास के पास अपने फार्म से घर लौट रहे थे। रेलवे ट्रैक पार करते समय वे असारवा-उदयपुर ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।