डूंगरपुर नगरपरिषद में सेवा सेतु अभियान के तहत 10 दिन में 108 से ज्यादा मामलों का निस्तारण कर परिषद ने आमजन को राहत दी। 10 दिनों तक चले अभियान में 68 पट्टे जारी किए गए। वहीं 12 भवन निर्माण स्वीकृतियां, 31 उपविभाजन और 39 नामांतरण के प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही 7 लीज मुक्ति पत्र जारी किए गए और भू-उपयोग परिवर्तन के 2 मामलों में कार्रवाई की गई। सरकारी योजनाओं के जरिए 89 परिवारों को लाभ पहुंचाने की दिशा में भी काम हुआ। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के 31 पात्र परिवारों को प्रथम किस्त का लाभ और 58 लोगों को पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ा गया। अभियान के समापन पर सभापति सुशीला गुप्ता ने कहा कि पदभार संभालने के समय आमजन से किए वादों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। परिषद की प्राथमिकता है कि लोगों को छोटे-बड़े कामों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ें। इसी उद्देश्य से पहले दिन से ही जीरो पेंडेंसी की दिशा में काम शुरू किया गया।। शनिवार-रविवार को भी होंगे काम: उपसभापति अनिल पटेल ने कहा कि सभापति के नेतृत्व में परिषद का 8वां बोर्ड आमजन को राहत देने के लिए काम कर रहा है। लोगों की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार को भी परिषद में कामों के निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ शहरवासियों के कामों को गति देना प्राथमिकता है। दीपावली से पहले शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।