डूंगरपुर में आज पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के तहत सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन हुए है। पहले चरण में 7 पंचायत समितियों के 233 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पर के लिए नामांकन शुरू हो गया है। 50 प्रतिशत सीटे महिला आरक्षित होने से वहां केवल महिला प्रत्याशी ही चुनाव लड़ेंगी। जबकि पुरुष की सीटों पर कई जगह महिला प्रत्याशी भी अपनी दावेदारी जता रही है। पहले चरण के तहत डूंगरपुर जिले की 7 पंचायत समितियों सागवाड़ा, पाडवा, गलियाकोट, चिखली, सीमलवाड़ा, भंडारी, झोंथरी की 233 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1877 वार्ड पंच के लिए शनिवार 24 अक्टूबर को मतदान होगा। लेकिन इसके लिए आज सुबह 8 बजते ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। सरपंच और वार्ड पंच के लिए प्रत्याशी मतदान दलों के सामने अपने नामांकन पेश कर रहे है। सुबह 11 बजे तक नामांकन भरे गए। इसके बाद 11.30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच हुई। दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापसी का समय रहेगा। इसके बाद सरपंच और वार्ड पंच के फाइनल प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया जाएगा। विधायक के बेटे ने भरा नामांकन सागवाड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत डेचा में 1995 से लेकर अब तक लगातार 6 बार सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाल चुके विधायक शंकरलाल डेचा के परिवार ने इस बार भी चुनावी मैदान में ताल ठोकी है। विधायक और उनकी पत्नी के लगातार 6 बार चुनाव जीतने के बाद, अब 7वीं बार सरपंच पद के लिए उनके बेटे राहुल डामोर ने नामांकन फॉर्म दाखिल किया है। इस दौरान विधायक डेचा भी मौजूद रहे। इस मौके पर विधायक डेचा ने बताया कि 1995 से अब तक गांव की जनता ने लगातार उन पर और उनके परिवार पर अपना आशीर्वाद बनाए रखा है। इस बार सातवीं बार गांववासियों के समर्थन और आशीर्वाद से उनके बेटे ने सरपंच पद के लिए दावेदारी पेश की है। पूर्व प्रधान निमिषा भगोरा ने सरपंच के लिए भरा नामांकन सीमलवाड़ा पंचायत समिति की पूर्व प्रधान निमिषा भगोरा ने सीमलवाड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच पद के लिए शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। निमिषा वर्ष 2015 से 2020 तक सीमलवाड़ा पंचायत समिति की प्रधान रह चुकी हैं। अब वे सरपंच पद के चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रही है। निमिषा पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा की भतीजा बहू भी है। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद बढ़ेगा प्रचार सरपंच और वार्ड पंच के प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन होने के बाद प्रचार का जोर बढ़ जाएगा। सरपंच और वार्डपंच के प्रत्याशी अपने चुनाव चिन्ह लेकर घर-घर मतदाताओं से मिलेंगे और चुनाव चिन्ह दिखाकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। देर रात तक प्रचार की सरगर्मियां तेज रहेगी। नामांकन को लेकर शिड्यूल कुल मतदाता : 5,21,601 पुरुष मतदाता : 2,66,610 महिला मतदाता : 2,54,985 थर्ड जेंडर : 6