पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में डूंगरपुर की 233 पंचायतों में सरपंच, वार्ड पंच के बाद दोनों ने मिलकर उपसरपंच भी चुन लिया है। इसके साथ डूंगरपुर की आधी पंचायतों में नई सरकार बन गई है। कही सहमति से निर्विरोध तो कहीं वोट और कहीं गोटी से उपसरपंच के चुनाव हुए। जीत के बाद गांव के लोगों ने जीते प्रत्याशियों ने जुलूस निकाला और स्वागत किया। जिले की पंचायत समिति सीमलवाड़ा की ग्राम पंचायत बांसिया में उपसरपंच चुनाव 2026 शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के दौरान वार्ड नंबर 5 मंडेरी टांडा की वार्ड पंच पेपी बंजारा को सर्वसम्मति से निर्विरोध उपसरपंच चुना गया। वार्ड पंच पेपी बंजारा के निर्विरोध उपसरपंच बनते ही पंचायत क्षेत्र और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। निर्विरोध निर्वाचन के पश्चात आयोजित अभिनंदन समारोह में नवनिर्वाचित सरपंच जसवंत रोत, नवनिर्वाचित उपसरपंच पेपी बंजारा सहित पंचायत के सभी वार्ड पंचों का ग्रामीणों द्वारा माला पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह के बाद गांव में विजय जुलूस निकाला गया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज और ढोल-नगाड़ों की थाप पर ग्रामीणों और समर्थकों ने जमकर नृत्य किया और खुशियां मनाईं। इस दौरान पूरा गांव उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया। नवनिर्वाचित सरपंच जसवंत रोत और उपसरपंच पेपी बंजारा ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत बांसिया के सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का विश्वास दिलाया।