भगवान परशुराम जयंती 19 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस अवसर पर डूंगरपुर शहर के भगवान परशुराम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होगी। खड़गदा सहित कई गांवों में शोभायात्राएं निकाली जाएंगी और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। परशुराम जयंती को लेकर खड़गदा गांव में विशेष तैयारियां की गई हैं। गांव की दीवारों पर रामचरितमानस की चौपाइयां अंकित की गई हैं, जो धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश दे रही हैं। इन चौपाइयों से सजी दीवारें गांव के माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर रही हैं। जगह-जगह दीवार लेखन के माध्यम से लोगों को धर्म, संस्कार और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। झांकियां होगी आकर्षण का केंद्र सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में 19 अप्रैल को शाम 4 बजे गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में भगवान परशुराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष जिग्नेश जोशी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज में एकता और समरसता का संदेश देना भी है। आयोजन को सफल बनाने के लिए गांव में घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर आरती एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक उत्सव में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।