डूंगरपुर पुलिस लाइन में एक कॉन्स्टेबल पर चाकू से हमला किया गया है। आपसी विवाद के चलते एक साथी कॉन्स्टेबल ने उस पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कॉन्स्टेबल कपिल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कपिल भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत के गनमैन हैं। जानकारी के अनुसार घायल कॉन्स्टेबल कपिल और आरोपी कॉन्स्टेबल कांतिलाल पुलिस लाइन के एक ही बिल्डिंग में ऊपर-नीचे के क्वार्टर में रहते हैं। बताया गया है कि आरोपी कांतिलाल अक्सर शराब के नशे में कपिल और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करता था। बीती रात भी कांतिलाल ने शराब के नशे में अपनी पत्नी और साली के साथ गाली-गलौज की। कांतिलाल की पत्नी ने इसकी सूचना कपिल को दी। इसके बाद कपिल अपने निर्माणाधीन मकान से रात करीब 12 बजे पुलिस लाइन क्वार्टर पहुंचे। जैसे ही वह पहुंचे, कांतिलाल ने अपने क्वार्टर का दरवाजा खोला और उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद कॉन्स्टेबल कपिल को गंभीर हालत में डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली थाना एएसआई विपिन कुमार ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।