डूंगरपुर पुलिस ने अवैध गांजे की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खेत से 25 किलो 345 ग्राम हरा गांजा जब्त किया, जिसकी बाजार में कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये है। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत की गई। चौरासी थाना सीआई रतनलाल जडिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि वासुवा गांव के एक खेत में गांजे की अवैध खेती हो रही है। जानकारी मिलते ही चौरासी थाने की टीम तुरंत वासुवा गांव पहुंची। मौके पर खेत में हरे गांजे के पौधे उगे मिले और वहां एक व्यक्ति बैठा था। पूछताछ में उसने अपना नाम डूंगर ननोमा (62) निवासी वासुवा बताया। आरोपी ने माना कि उसने ये गांजे के पौधे अपने खेत में खुद उगाए थे। पुलिस ने पौधों को खेत से निकाला और इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया। कुल 25 किलो 345 ग्राम हरा गीला गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी डूंगर ननोमा को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर लिया है।