डूंगरपुर जिले में स्कूल बस से छात्र की मौत के मामले में रेबारी समाज ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। समाज ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्कूल की मान्यता रद्द करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना सरोदा थाना क्षेत्र के आदर्श विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलाबपुरा (घोडापला) से संबंधित है। राष्ट्रीय पशुपालक संघ के अध्यक्ष लालजी राईका ने बताया कि यह घटना 17 मार्च को सागवाड़ा तहसील में हुई थी। आदर्श विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में 7वीं कक्षा का छात्र जतिन रेबारी स्कूल बस से गिर गया था। बस का गेट खुला था और उसमें कोई कंडक्टर मौजूद नहीं था, जिसके कारण जतिन को गंभीर चोटें आईं। 'घायल बच्चे को अस्पताल नहीं ले गया ड्राइवर' राईका के अनुसार, घायल बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय, बस ड्राइवर उसे अन्य छात्रों के साथ घर छोड़ आया। घर पहुंचने पर परिजनों ने जतिन की बिगड़ती हालत देखी और उसे तुरंत अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 'लहूलुहान हालत में घर के पास छोड़कर भाग गया था ड्राइवर' समाज ने आरोप लगाया कि दुर्घटना स्कूल के पास ही हुई थी। यदि बस ड्राइवर घायल छात्र को तुरंत अस्पताल पहुंचाता, तो समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकती थी। ड्राइवर छात्र को लहूलुहान हालत में घर के पास छोड़कर भाग गया। धरना प्रदर्शन के बाद रेबारी समाज ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में स्कूल की मान्यता रद्द करने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई करने की मांग दोहराई।