डूंगरपुर जिले के सरोदा गांव में खेत पर घास काट रही एक महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरोदा थाना पुलिस के अनुसार सरोदा निवासी कांतिलाल पाटीदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी बीना पाटीदार घर के पास नाड़ा वाले खेतों में पशुओं के लिए घास काट रही थीं। कांतिलाल घास का गट्ठर घर छोड़ने गए थे, तभी पत्नी का फोन आया कि उन्हें सांप ने डस लिया। परिजन तुरंत खेत पहुंचे, जहां बीना बेहोश मिलीं। उनके बाएं पैर के अंगूठे पर सांप के काटने के निशान थे और खून निकल रहा था। परिजन उन्हें तुरंत प्राइवेट गाड़ी से सागवाड़ा के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बीना पाटीदार को मृत घोषित कर दिया। मृतका के देवर वजेंग पाटीदार ने भी घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।