डूंगरपुर के चौरासी थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं को बाइक से परेशान करने और छेड़छाड़ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। वीडियो में बाइक सवार युवक स्कूल ड्रेस पहनी छात्राओं के आसपास बाइक दौड़ाते और उन्हें परेशान करते नजर आ रहे थे। साइबर सेल की मदद से शुरू हुई तलाश चौरासी थानाधिकारी रतनलाल जटिया ने बताया कि 9 सितंबर की दोपहर छात्राओं से छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने साइबर सेल डूंगरपुर की मदद से इसकी तकनीकी जांच शुरू की। इसके साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाई गई। गंधवा-भंवरीया कुआं के आसपास हुई घटना जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वीडियो में दिखाई दे रही घटना गंधवा-भंवरीया कुआं के आसपास की है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवकों की इस घटना में भूमिका थी। पांच युवक पकड़े, पूछताछ में खुलासा पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर पांच युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे स्कूल से घर लौट रही छात्राओं को दो मोटरसाइकिलों से रास्ते में कट मारकर परेशान करते थे। पुलिस ने इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। घटना में इस्तेमाल दोनों बाइक भी जब्त कर ली गई हैं। तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश (20) निवासी वाणिया तालाब, थाना चौरासी, विपिन (19) निवासी रास्तापाल और शैलेश (19) निवासी रास्तापाल के रूप में हुई है। वहीं, तूफान निवासी रास्तापाल, थाना धंबोला अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।