डूंगरपुर शहर के रामनगर में शनिवार रात चोरों ने बिजली विभाग के रिटायर कर्मचारी कैलाश के सूने मकान को निशाना बनाया। चोर ताले तोड़कर घर से लाखों रुपए के जेवर और नगदी चुरा ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैलाश परिवार के साथ शनिवार दोपहर उदयपुर के सिहाड़ गांव में भैरव जी के दर्शन के लिए गए थे। रात को घर लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का कुंडा टूटा देखा। शोर मचाने पर पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। चोरों ने कैलाश की माता केसर बाई की जमा पूंजी और गहने चुराए। इनमें दो किलो चांदी के जेवर, तीन सोने की अंगूठी, दो तोला सोने की बजंती और पेटी में रखी नगदी शामिल है। कोतवाली पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने पीड़ित परिवार से चोरी हुए सामान की जानकारी ली है। पुलिस अब चोरों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज देख रही है।