डूंगरपुर जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर से दो युवकों का अपहरण कर उनके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने के मामले में डूंगरपुर कोतवाली थाना पुलिस ने महज दो घंटे में वारदात का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने काकरादरा के जंगलों में दबिश देकर दोनों युवकों को गंभीर घायल अवस्था में छुड़ाया और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़ितों को नग्न अवस्था में राजस्थानी गानों पर डांस करवा रहे थे और उनका वीडियो बना रहे थे। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं। घायल युवकों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पैर में चोट लगने पर अस्पताल गए थे युवक कोतवाली थाना सीआई हिमांशु सिंह राजावत ने बताया कि शहर के भावसारवाड़ा निवासी नरेश जोशी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार रात उनके बेटे कपिल जोशी के पैर में चोट लग गई थी। इसके बाद वह अपने पड़ोसी कीरीट के साथ डूंगरपुर जिला अस्पताल में पट्टी करवाने गया था। रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि दो-तीन लोग कपिल और कीरीट के साथ मारपीट कर उन्हें कार में डालकर ले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू कर दी। नाकाबंदी कर 15 रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी हिमांशु सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी संसाधनों और पारंपरिक पुलिसिंग की मदद से करीब 15 स्थानों के रास्तों की जांच की। संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस को काकरादरा के जंगलों में आरोपियों की मौजूदगी का सुराग मिला। जंगल में दबिश देकर दोनों युवकों को छुड़ाया पुलिस ने काकरादरा के जंगलों में दबिश देकर दोनों पीड़ितों को छुड़ा लिया। पुलिस के अनुसार, मौके पर आरोपी दोनों युवकों को नग्न अवस्था में राजस्थानी गानों पर डांस करवा रहे थे और इसका वीडियो बना रहे थे। पुलिस ने मौके से वागदरी निवासी अर्जुन डामोर मीणा और भंडारिया निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी अपहरण और मारपीट की घटना में घायल दोनों युवकों को छुड़ाने के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और मामले की आगे की जांच में जुटी है।