तकनीक की बदलती दुनिया और 5जी-6जी क्रांति के बीच इंजीनियरिंग छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अब इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) से डिजिटल कम्युनिकेशन स्पेशलाइजेशन में एम-टेक की जा सकेगी। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने नए सत्र 2026-27 से इस कोर्स को मंजूरी दे दी है। अब तक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग में सिर्फ बी-टेक ही था, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए अब इसे पीजी लेवल तक विस्तार दिया गया है। ईसीबी में मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस और इलेक्ट्रिकल के बाद यह चौथा स्पेशलाइजेशन होगा। शुरुआती फेज में करीब 18 सीटों पर प्रवेश प्रस्तावित हैं। प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। इच्छुक अभ्यर्थी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट अथवा संबंधित विभाग से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। क्या पढ़ेंगे: सैटेलाइट से ऑप्टिकल फाइबर तक विभागाध्यक्ष चेना राम ने बताया कि पाठ्यक्रम में 5G/6G टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, एआई (AI) आधारित नेटवर्किंग और ऑप्टिकल फाइबर जैसे विषय शामिल हैं। थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल लर्निंग, लाइव प्रोजेक्ट्स और इंडस्ट्रियल इंटर्नशिप पर जोर रहेगा। एम-टेक प्रवेश की पात्रता संबंधित ब्रांच में बी-टेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रवेश के पात्र होंगे। हालांकि, गेट क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थियों को एडमिशन में वरीयता दी जाएगी। टेलीकॉम से लेकर इसरो-डीआरडीओ तक खुलेंगी राह डिजिटल कम्युनिकेशन में एम-टेक के बाद छात्रों के लिए रोजगार के बड़े रास्ते खुलेंगे। टेलीकॉम, रक्षा, इसरो, डीआरडीओ, रेलवे और आईटी रिसर्च। रेडियो फ्रीक्वेंसी इंजीनियर, नेटवर्क प्लानिंग एक्सपर्ट, डिजाइन इंजीनियर और रिसर्च साइंटिस्ट। कोर्स कोऑर्डिनेटर इंदु भूरिया के मुताबिक, यह प्रोग्राम छात्रों को भविष्य की संचार तकनीकों के लिए तैयार करेगा।