भास्कर न्यूज | अलवर एक बार फिर अलवर मिनी सचिवालय और पासपोर्ट सेवा केंद्र में साइनाइड जहरीली गैस बम से हत्याओं की धमकी अफवाह निकली। मगर इसे लेकर पुलिस और प्रशासन ने गंभीर लापरवाही दिखाई। धमकी भरे ई-मेल में साइनाइड बमों के धमाके का जो वक्त​ लिखा था, उसके 2 घंटे बाद प्रशासन ने जांच की। मामले में पोस्टमास्टर (प्रधान डाकघर) रत्नलाल ने बताया कि सुबह 11.38 बजे डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक कार्यालय से धमकी की सूचना मिली थी। हमने एसपी कार्यालयों को सूचित किया। वहां से आई पुलिस टीम ने रेक, कचरा पात्र और डाक के खाली कट्टों की तलाशी ली। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। दोपहर करीब 2.30 बजे डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को कामकाज के लिए पुन: खोला गया। बुधवार सुबह 11.28 बजे जयपुर में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के प्रवर अधीक्षक की मेल पर पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में धमाके की सूचना आई। जो कुछ ही मिनट में अलवर के प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर को प्राप्त हो गई। इसमें लिखा गया कि पासपोर्ट सेवा केंद्र में जहरीली साइनाइड गैस से भरे 16 बम रखे गए हैं। वे दोपहर 12.15 बजे फटेंगे। सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालें। जिसके बाद ऑफिस खाली करा अलवर एसपी को सूचना भेजी गई। दोपहर 12.15 बजे कोतवाली थाने से दो पुलिसकर्मी खाली हाथ प्रधान डाकघर पहुंच। न उनके पास जहरीली गैस या बम का पता लगाने वाले उपकरण थे।