फलोदी कलेक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों और बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनगणना 2027 के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित किया और आमजन को भी जागरूक करने को कहा। कलेक्टर ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को गर्मी में पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर बने पेयजल समस्याओं के कंट्रोल रूम पर प्राप्त शिकायतों का समाधान कर शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से सूचित किया जाए। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता को क्षतिग्रस्त खंभों को समय पर ठीक करने और लंबित बिजली कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आमजन के प्रकरणों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधीनस्थ कार्यालयों की समीक्षा और प्रभावी निगरानी पर भी जोर दिया। महिला अधिकारिता विभाग की उप निदेशक को आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर उन्हें समय पर खुलवाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने लापरवाही बरतने वाले सीडीपीओ के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अटल पथ, चिकित्सा विभाग की लाडो प्रोत्साहन योजना, एनसी रजिस्ट्रेशन, मौसमी बीमारियों और पशुपालन विभाग की मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना सहित कई अन्य विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय, एसीईओ गौतम चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।