घग्घर नदी डीपीआर के लिए 56जीबी में शिविर भास्कर संवाददाता | रामसिंहपुर घग्घर नदी की डीपीआर तैयार करने के लिए किसानों के सुझाव जुटाने हेतु सिंचाई विभाग द्वारा गांव 56 जीबी स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा तेगा सिंह में शुक्रवार को शिविर लगाया गया। इसमें विभाग के अधिशासी अभियंता युगराज सिंह, सुखमंद्र सिंह, सहायक अभियंता कैलाश जाट व कनिष्ठ अभियंता दीपक मौजूद रहे। शिविर में पहुंचे किसानों ने घग्घर नदी में हर वर्ष पानी पहुंचाने और उसके अधिकतम उपयोग को लेकर अपने सुझाव रखे। संगम अध्यक्ष जसवीर सिंह ने करणीजी लिंक चैनल को पक्का करने की मांग की, ताकि घग्घर में पानी आने पर करणीजी नहर तक आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। किसान कमलदीप सिंह बराड़ ने नदी के रेगुलेशन को 7000 क्यूसेक करने का सुझाव दिया। वहीं, हरमीत सिंह, जोगिंद्र सिंह व गुरप्रीत सिंह ने 56 जीबी स्थित घग्घर पुल को ऊंचा करने की मांग रखी। किसानों ने नदी के दोनों ओर स्थित खेतों तक सिंचाई सुविधा के लिए पक्के खालों या साइफन निर्माण की जरूरत भी बताई। इसके अलावा गांवों के बीच आवागमन के लिए नदी में कोजवे बनाने की मांग भी उठी। सहायक अभियंता कैलाश जाट ने कहा कि सभी सुझावों को संकलित कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा और उसी आधार पर डीपीआर तैयार की जाएगी, जिससे सिंचाई सुविधाएं बेहतर होंगी और बाढ़ की स्थिति से भी राहत मिलेगी।