जनगणना-2027 के पहले चरण का शुक्रवार से जयपुर में आगाज हो गया। इसमें मकानों की गणना की जाएगी। लोग घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना के लिए पोर्टल 15 मई तक खुला रहेगा। आधिकारिक यूजर गाइड के अनुसार, स्व-गणना पोर्टल पर जानकारी भरने के बाद 11 अंकों की यूनिक SE आईडी जनरेट होगी, जिसे बाद में प्रगणक (कर्मचारी) को सत्यापन के दौरान बताना होगा। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि शहर में 5277 गणना ब्लॉक बनाए हैं। इनके लिए 4779 प्रगणक और 780 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। हाउस-लिस्टिंग में हर मकान की सूची तैयार की जाएगी और उसे रिहायशी या व्यावसायिक श्रेणी में दर्ज किया जाएगा। इन्यूमरेशन ब्लॉक भी बनाए जाएंगे, जिनमें 120 से 150 मकान शामिल होंगे। 16 मई से 15 जून तक प्रगणक फील्ड में उतरेंगे और घर-घर जाकर मकानों की सूची तैयार करेंगे। दूसरे चरण में फरवरी 2027 में वास्तविक जनसंख्या गणना की जाएगी। 15 दिन खुला रहेगा पोर्टल, ऐसे भरे जानकारी 1. पोर्टल पर लॉगिन करें जनगणना के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाएं। मोबाइल नंबर दर्ज करने पर ओटीपी मिलेगा। ओटीपी भरने पर रजिस्ट्रेशन पूरा होगा। सबसे पहले मुखिया का नाम और जानकारी भरनी होगी। ध्यान रखें, मुखिया का नाम बदला नहीं जा सकेगा। 2. लोकेशन मार्क करें डिजिटल मैप खुलेगा। उस पर रेड मार्कर को ड्रैग कर घर या रिहायशी बिल्डिंग की सही लोकेशन मार्क करनी होगी। इससे मकान का पता सटीक दर्ज हो सकेगा। 3. प्रश्नावली भरें इसके बाद स्क्रीन पर मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधा, परिवार के सदस्यों की संख्या व अन्य सवाल आएंगे। जानकारी सेव या ड्राफ्ट मोड में रखी जा सकती है। रिव्यू के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। इस के बाद जानकारी में बदलाव नहीं किया जा सकेगा। 4. SE ID सुरक्षित रखें फॉर्म सबमिट होते ही मोबाइल और ईमेल पर 11 अंकों की यूनिक SE आईडी मिलेगी। इसे संभालकर रखें। प्रगणक के घर आने पर यही आईडी बतानी होगी। 5. 16 मई से घर-घर आएंगे प्रगणक स्व-गणना का चरण 15 मई को समाप्त होगा। इसके ठीक अगले दिन यानी 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक फील्ड में उतरेंगे। वे घर-घर जाकर मकानों की सूची बनाएंगे और स्व-गणना करने वालों के डेटा का मिलान करेंगे। शहर में कुल 5277 गणना ब्लॉक बनाए गए है। इनमें 4779 प्रगणक तैनात किए है। इनका सुपरविजन करने के लिए 780 सुपरवाइजर लगाए गए है। बता दें कि वास्तविक लोगों की जनसंख्या की गणना फरवरी 2027 में दूसरे चरण के तहत की जाएगी। सतर्क रहे, ओटीपी शेयर न करें; प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि स्व-गणना के दौरान आने वाला ओटीपी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। जब प्रगणक सत्यापन को आए, तब उन्हें भी न दें।