लेकसिटी में तापमान 42 डिग्री पहुंचते ही वन क्षेत्रों में आग की घटनाएं फिर बढ़ने लगी हैं। सोमवार देर शाम गोवर्धन सागर तालाब के पीछे बलीचा पहाड़ी पर भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब 15 हेक्टेयर जंगल क्षेत्र को खाक कर दिया। आग बुझाने के लिए 10 से अधिक वनकर्मी और ग्रामीण देर रात तक मशक्कत करते रहे। यह आग बांकी वनखंड की बलीचा पहाड़ी पर लगी, जिसका कुल क्षेत्रफल करीब 70 से 80 हेक्टेयर है। वन विभाग के अनुसार पहाड़ी के पास स्थित बीडीओ कॉलोनी क्षेत्र में कचरा जलाने या सिगरेट-बीड़ी के कारण आग लगने की आशंका है। यहां 3 साल पहले भी लगी थी आग यह वनखंड आर्मी कैंट क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण संवेदनशील माना जाता है। वनकर्मियों के अनुसार यहां घास अधिक होने से आग तेजी से फैलती है। करीब तीन साल पहले भी इसी क्षेत्र में आग लगी थी, जिसे बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद लेनी पड़ी थी।