भास्कर न्यूज| जैसलमेर नगर परिषद द्वारा अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत शहर में अग्नि सुरक्षा जागरूकता के लिए फायर वाहनों की रैली का आयोजन किया गया। सहायक अग्निशमन अधिकारी कृष्णपालसिंह ने बताया कि इस रैली द्वारा शहर के मुख्य चौराहों, मुख्य पर्यटन स्थलों, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड इत्यादि स्थानों पर उपस्थित आमजन को आगजनी की घटना के समय बचाव संबंधी उपायों के बारे में अवगत करवाया गया। करणी बाल मंदिर विद्यालय में एक अग्निशमन जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। जिसमें उपस्थित विद्यार्थियों को आगजनी की घटना के दौरान धैर्यपूर्ण व साहसिक कदम उठाते हुए आगजनी से बचाव के बारे में बताया गया। अग्निशमन अधिकारी कृष्णपालसिंह ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की आगजनी की घटना के दौरान आपात स्थिति में अतिशीघ्र फायर स्टेशन जैसलमेर के कंट्रोल नंबर 02992-252174 एवं 7737231101 पर तुरंत सूचित करें। अग्निशमन जागरुकता रैली का समापन नगर परिषद के अग्निशमन केंद्र पर किया गया। रैली समापन के पश्चात नूवोको विस्टास कॉरपोरेशन लिमिटेड के जिला सेल्स ऑफिसर दिग्विजय सिंह चारण द्वारा अल्पाहार करवाया गया। श्रीकांत जांगिड़, रोशन कुमार मौजूद रहे।