प्रदेश के सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक प्रथम वर्ष सत्र 2026-27 के प्रवेश 13 मई से शुरू होंगे। तकनीकी शिक्षा विभाग ने सेंट्रलाइज्ड एडमिशन प्रोसेस (CAP-2026) का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) सहित राज्य के सभी इंजीनियरिंग संस्थानों में इस वर्ष भी प्रवेश केंद्रीकृत, ऑनलाइन और मेरिट आधारित प्रक्रिया के तहत होंगे। इससे विद्यार्थियों को पारदर्शी तरीके से पसंदीदा कॉलेज और ब्रांच में प्रवेश का अवसर मिलेगा। ईसीबी में आठ ब्रांचों में करीब 600 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे, जबकि यूसीईटी में लगभग 480 सीटें उपलब्ध रहेंगी। ईसीबी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि सेंटर फॉर इलेक्ट्रॉनिक गवर्नेंस, जयपुर द्वारा संचालित यह प्रक्रिया विद्यार्थियों को सरल और तकनीक आधारित प्रवेश सुविधा प्रदान करेगी। प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध करवाई गई है। 13 मई से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को जीएसटी समेत 885 रुपए जमा करवाकर ओटीपी आधारित ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क जमा करवाने की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 12 जून रहेगी। अभ्यर्थी 26 जून तक कॉलेज और ब्रांच विकल्प भरकर लॉक कर सकेंगे। सामान्य वर्ग के लिए 45%, आरक्षित वर्ग के लिए 40% अंक जरूरी प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के 12वीं में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक तथा आरक्षित वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। साथ ही अभ्यर्थियों ने विज्ञान वर्ग में गणित, फिजिक्स, कंप्यूटर साइंस, बायोलॉजी, एग्रीकल्चर, बिजनेस स्टडीज, बायोटेक्नोलॉजी या एंटरप्रेन्योरशिप जैसे विषयों के संयोजन के साथ अध्ययन किया होना चाहिए। “प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की सहायता के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में विशेष हेल्पडेस्क शुरू की गई है। यहां विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन, ब्रांच चयन, पात्रता, काउंसलिंग प्रक्रिया, तकनीकी पाठ्यक्रमों और करियर संभावनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।” -डॉ. संजीव जैन, प्राचार्य, ईसीबी