दीपावली से पहले मिलावट की आशंका को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार को शहर में कार्रवाई की। केशव नगर स्थित चौधरी मावा भंडार के गोदाम की जांच के दौरान मिलावट के शक में 500 किलो से अधिक मावा जब्त किया गया। गोदाम में मावे के साथ अलग-अलग तरह की मिठाइयां भी मिलीं। टीम ने खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया और संदिग्ध मावे के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया - दीपावली के दौरान मावे और उससे बनने वाली मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव और डॉ. गोवर्धन प्रजापत भी मौजूद रहे। 165 लीटर खाद्य तेल जब्त, अलग-अलग जगहों से लिए सैंपल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नमस्ते इंडिया होटल का निरीक्षण किया। यहां से पनीर ग्रेवी, खुले पनीर और इस्तेमाल किए गए खाद्य तेल (यूज्ड कुकिंग ऑयल) के नमूने लिए गए। इसके बाद नागोरी ट्रेडिंग कंपनी का निरीक्षण किया गया। यहां से रिफाइंड मूंगफली तेल, रिफाइंड सोयाबीन तेल और सरसों तेल के नमूने लिए गए। इसी कार्रवाई के दौरान मौके से 165 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया। जब्त तेल के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मिठाई और नमकीन के भी सैंपल लिए खाद्य सुरक्षा टीम ने वरदान एंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। सोजत सिटी स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला और कलाकंद के नमूने लिए गए। इसके अलावा मंडल क्षेत्र स्थित गडबोर नमकीन से पाम ऑयल का नमूना भी संग्रहित किया गया। इन नमूनों को जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की गई है।