पाली सुमेरपुर कस्बे में जवाई बांध रोड स्थित एक मकान में कैसीनो-शैली की इलेक्ट्रॉनिक गेमिंग मशीनों पर अंक लगाकर अवैध जुआ खिलाने वाले बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और सुमेरपुर पुलिस ने मौके से 9 इलेक्ट्रॉनिक गेमिंग मशीनें और 15 हजार,700 रुपए की दांव राशि जब्त की है। पुलिस ने अवैध गेमिंग पार्लर चलाने वाले मुख्य संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी मोनिका सेन ने बताया कि गुरुवार को सुमेरपुर थानाधिकारी सवाई सिंह और एसआई वगताराम की टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि जवाई बांध रोड पर बसंत ट्रेडर्स के ऊपर स्थित मकान के एक कमरे में इलेक्ट्रॉनिक मशीनों पर सट्टा लगवाया जा रहा है। पुलिस ने सिरोही के पालड़ी एम थानांतर्गत छीबा गांव निवासी संचालक माधोसिंह (28) पुत्र शैतानसिंह और दांव लगा रहे शिवगंज के बेरा जैतपुरा निवासी नरसाराम मीणा (35) पुत्र मगाराम व सुमेरपुर के देवली निवासी हमीरा राम देवासी (32) पुत्र मोतीराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस संचालक से पूछताछ कर मशीनों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क के बारे में भी पता लगाने का प्रयास कर रही है। ‘गोल्डन व्हील’ व ‘जलसा’ जैसी 9 मशीनों से दांव : अंदर कैसीनो जैसा नजारा था। कमरे में गोल्डन व्हील, जलसा, वंडर और मेगा फ्री प्ले नाम की 9 इलेक्ट्रॉनिक गेमिंग मशीनें मिलीं। इन मशीनों पर लगे पीले व लाल पुश-बटन से खिलाड़ी 1 से 10 नंबरों और मल्टीप्लायर पॉइंट्स पर रुपयों का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से मशीनों का संचालन कर रहे संचालक और दांव लगा रहे दो ग्राहकों को दबोच लिया। मौके से सभी 9 इलेक्ट्रॉनिक गेमिंग मशीनें और 15 हजार 700 रुपए नकद जब्त कर लिया।