श्रीगंगानगर शहर के 100वें स्थापना वर्ष के अवसर पर रविवार को आयोजित ‘गंगानगर मैराथन 2026’ में करीब 10 हजार लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। फिट गंगानगर सोसायटी की ओर से आयोजित मैराथन में 21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ के साथ फन रन भी आयोजित की गई। इसमें युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी हिस्सा लिया। 75 वर्षीय सुभाष गोदारा ने 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव और पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने अपनी-अपनी बेटियों का हाथ थामकर दौड़ लगाई। हाईकोर्ट के न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी रविवार सुबह पुलिस लाइन में प्रतिभागियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। विभिन्न श्रेणियों में दौड़ने के लिए रिपोर्टिंग के बाद संगीत की धुनों के बीच वार्मअप कराया गया। इसके बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ के न्यायाधीश हरमीत सिंह देओल, मेजर जनरल अनुज कालिया (वीएसएम, जीओसी), बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश, श्रीगंगानगर जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव, हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक हरीशंकर और जिला परिषद के सीईओ अभिषेक जैन ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। सबसे पहले 21 किलोमीटर, इसके बाद 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था पुलिस लाइन से निर्धारित मार्ग पर रवाना हुए प्रतिभागियों के लिए रास्ते में जगह-जगह पानी, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भी इंतजाम किए गए। फिनिश लाइन पर पहुंचने के बाद प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट दिया गया। जिला प्रशासन, आमजन और आयोजन से जुड़े प्रायोजकों के सहयोग से मैराथन में व्यापक भागीदारी देखने को मिली। नशामुक्ति और मतदान की दिलाई शपथ मैराथन के समापन पर प्रतिभागियों को नशामुक्ति और मतदान के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। विक्रम ज्याणी ने नशामुक्ति की शपथ दिलाई, जबकि स्वीप समन्वयक रमन कुमार असीजा और निर्वाचन आइकॉन शीशपाल लिम्बा ने मतदान की शपथ दिलाई। निर्वाचन विभाग की ओर से चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में भी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया। विजेताओं और सहयोगियों का सम्मान समारोह में 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने वाले 75 वर्षीय सुभाष गोदारा सहित अन्य विजेताओं और आयोजन में सहयोग देने वालों को अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, सतर्कता अधिकारी अश्विन के. पवार, एसडीएम नयन गौतम, एएसपी दीपक शर्मा, फिट गंगानगर सोसायटी के पदाधिकारी और आयोजन के प्रायोजक मौजूद रहे। इनके अलावा दीपक कुक्कड़, वीरेंद्रपाल सिंह, परमजीत सिंह, अरविंदर सिंह, राजेश रानी और श्वेता छाबड़ा सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं अन्य सहयोगियों ने सहभागिता निभाई। उद्यान विभाग की उपनिदेशक प्रीति गर्ग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के विक्रम ज्याणी ने मंच संचालन किया।