हनुमानगढ़ के गोलूवाला क्षेत्र में गैस सिलेंडर आपूर्ति में देरी को लेकर पीलीबंगा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र कुमार मोची ने खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा से मुलाकात की। उन्होंने गैस बुकिंग के बाद वितरण की अवधि 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की मांग की। मोची ने मंत्री को बताया कि गोलूवाला अब नगरपालिका क्षेत्र घोषित हो चुका है और पूरी तरह शहरी श्रेणी में आता है। इसके बावजूद, यहां संचालित गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग के बाद लगभग 45 दिनों तक इंतजार करवा रही है। यह शहरी क्षेत्र के मानकों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने अवगत कराया कि शहरी क्षेत्रों में गैस वितरण की निर्धारित अवधि 25 दिन है, जबकि गोलूवाला में अभी भी ग्रामीण क्षेत्र जैसी व्यवस्था लागू है। इस देरी से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। पूर्व विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि गोलूवाला नगरपालिका क्षेत्र में गोलूवाला निवादन, गोलूवाला सिहागान सहित आसपास के राजस्व गांव भी शामिल हैं। इससे यह क्षेत्र पूरी तरह शहरी स्वरूप ले चुका है। ऐसे में यहां गैस आपूर्ति भी शहरी मानकों के अनुसार ही होनी चाहिए। मोची ने मंत्री से मांग की कि गोलूवाला में गैस सिलेंडर वितरण की अवधि को तत्काल 45 दिन से घटाकर 25 दिन किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि वितरण में देरी के कारण लोगों में असंतोष बढ़ रहा है और कई बार विवाद की स्थिति भी बन रही है। उन्होंने सरकार से इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर गोलूवाला क्षेत्र के उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने का आग्रह किया।