कोटपूतली-बहरोड़ जिले में 'ग्राम रथ अभियान' की तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह अभियान जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों की सभी ग्राम पंचायतों में 28 अप्रैल से लगातार 15 दिनों तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत ग्राम रथ प्रत्येक विधानसभा की 4-5 ग्राम पंचायतों में विभिन्न स्थानों पर लगभग एक-एक घंटे के वीडियो और ऑडियो संदेशों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और 'ग्राम' का प्रचार-प्रसार करेंगे। अभियान के लिए सभी विधानसभाओं के उपखंड अधिकारियों से रूट चार्ट प्राप्त हो चुका है। 13 विभागों की योजनाओं के बारे में देंगे जानकारी राजस्थान सरकार द्वारा किसानों और पशुपालकों को सशक्त बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से यह एलईडी मोबाइल वैन आधारित जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसमें कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास विभाग सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के प्रचार-प्रसार, व्यवस्थित संचालन और निगरानी के लिए जिला स्तर पर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। विधानसभा क्षेत्र के लिए संबंधित उपखंड अधिकारी नोडल होंगे। ग्राम रथों में सुझाव पेटिका का भी प्रावधान किया गया है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव राज्य सरकार को भेज सकेंगे। 'संध्या चौपाल' भी होगी रोजाना विश्राम स्थल पर आयोजित होने वाली 'संध्या चौपाल' अभियान का मुख्य आकर्षण रहेगी। रथों के साथ चलने वाले कला जत्था के स्थानीय कलाकार सरकारी योजनाओं के साथ-साथ जयपुर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 का भी व्यापक प्रचार करेंगे। वे किसानों, पशुपालकों और निवेशकों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे।