ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में खातों से करोड़ों रुपए गायब होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि खाताधारकों के 30 से 35 करोड़ रुपए गायब हुए हैं। कहा जा रहा है कि जिन लोगों ने FD (फिक्स डिपाजिट) कराई थी, उनका बैलेंस जीरो दिखा रहा। जिनके सेविंग अकाउंट में 3-4 लाख रुपए जमा थे, उनमें 16 से 20 हजार ही बचे हैं। जिन लोगों को सरकारी मुआवजे की 1 करोड़ 29 हजार रुपए राशि मिली थी, उनके खाते से पूरी रकम गायब है। 18 लोगों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, मामला सामने आने के बाद बैंक मैनेजर समेत 5 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया। उनकी जगह नया स्टाफ तैनात किया गया है। बैंक अफसरों ने खाताधारकों को भरोसा दिया है कि उनकी रकम गुरुवार तक खातों में वापस आ जाएगी। हालांकि खाताधारकों की रकम बैंक से चोरी हुई, गायब हुई या डिजिटल डकैती पड़ी, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। न ही बैंक की तरफ से कोई बयान जारी किया गया है। फिलहाल लापरवाही और गड़बड़ी करने वाले कर्मचारियों की जांच की जा रही है। एंटी करप्शन टीम भी जांच कर रही है। मामला ऐच्छर गांव स्थित पीएनबी ब्रांच का है। 3 तस्वीरें देखें… ऐसे सामने आया मामला ऐच्छर गांव में रहने वाले ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी मंगलवार को बैंक की सेक्टर-पाई-1 में पीएनबी शाखा गए। विनीत जय शिव ट्रांसपोर्ट नाम से फर्म चलाते हैं। बैंक में उनका करंट अकाउंट है। उन्होंने बताया- म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया था। ब्रांच मैनेजर के कहने पर मैंने चेक और संबंधित ब्रोशर पर हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद फंड के 25 लाख रुपए मेरे सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर करने की बजाय किसी दूसरे खाते में भेज दी गई। यह खाता भी विनीत भाटी के नाम पर बताया गया, लेकिन यह मेरा खाता नहीं था। इसके बाद उन्होंने बीटा-2 कोतवाली में शिकायत देकर बैंक कर्मचारियों की जांच करने और 25 लाख रुपए वापस दिलाने की मांग की। इस दौरान बैंक में मौजूद 5-6 खाताधारकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद कई खातों से रकम गायब होने का खुलासा हुआ। अब उनकी बात, जिनके अकाउंट से रकम गायब हुई… मुआवजे में मिले 1.29 करोड़, एक करोड़ से ज्यादा गायब बृजेश ने बताया- नोएडा एयरपोर्ट के लिए मेरी मां की जमीन अधिग्रहीत की गई थी। इसके बदले उनके खाते में करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपए का मुआवजा आया था। परिवार ने इसमें से केवल 15 लाख रुपए ही निकाले थे। अब उनके खाते से एक करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम गायब है। बैलेंस जीरो दिखाई दे रहा है। पैसे निकालने के नाम पर केवाईसी मांगते थे बुजुर्ग धर्मवीर ने बताया- मेरे 17.5 लाख थे। बैंक ने 2 साल से मुझे कोई एंट्री भी नहीं करने दी। मेरे साथ बहुत धोखाधड़ी की। कभी खाता बंद कर देते हैं, कभी पैन कार्ड खराब बता देते हैं। कभी आधार कार्ड की केवाईसी कराने के लिए बोलते थे। मैं कल बैंक आया। मेरे खाते में 17.5 लाख थे। मैनेजर ने दिखाया कि खाते में कुछ नहीं है। दादी का भी इसी बैंक में खाता है। उसमें 61 लाख हैं, वे पता नहीं होंगे भी या नहीं। सवा 2 लाख की मेरी एफडी भी है। बैंक अकाउंट खाली, अब क्या करें बैंक के बाहर बहन के साथ बैठी बुजुर्ग महिला संतोष ने बताया- मेरा 1 करोड़ 29 लाख रुपया आया था। मेरी बहन का भी इतना ही मुआवजा आया था। उसमें से कुछ रुपए निकाल लिए थे, बाकी रह गए हैं। अब हमारा 1 करोड़ 18 लाख गायब है। जीरो बैलेंस दिखा रहा है। ये बैंक वाले कुछ बता भी नहीं रहे हैं। हम पूछ रहे तो बोले रहे हैं कि हम तो नए आए हैं। मेरा घर बन रहा है, बच्चे किराए पर पड़े हैं। बेटी बीमार थी। पति के रिटायर होने पर 32 लाख रुपए मिले थे, वो उसके इलाज में लग गए। बेटी की भी मौत हो गई। अब हमारे पास एक भी पैसा भी बचा है। हम पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। बैंक की मैडम बोलीं- हमारी नौकरी चली जाएगी, अब मत आना संतोष की बहन सरोज ने बताया- मुआवजे में हमें 1 करोड़ 29 लाख रुपए मिले थे। उनमें से हमने 10 लाख कैश निकाले थे, 20 लाख ट्रांसफर करवाए थे। बैंक में और रुपए निकालने के लिए कहा, तो मैडम कहने लगीं कि इतने नहीं होंगे, करवा लेना। फिर हम बाद में आए, तो कहा कि मोटी रकम चाहिए तो 2 दिन पहले बता देना, हम तब दे पाएंगे। कई खाताधारकों की रकम गायब श्रीचंद ने बताया- बैंक में हमारी 1.16 करोड़ रुपए की एफडी थी। यह रकम गबन कर ली गई। बिरौंडी चक्रसेनपुर और आसपास के कई खाताधारकों के साथ भी ऐसी ही धोखाधड़ी हुई है। करतारी नाम के व्यक्ति की 2 एफडी से 9.87 लाख और 6.89 लाख रुपए, अमीचंद की एफडी से 10.34 लाख की हेराफेरी हुई है। विजयपाल के खाते से एक करोड़ से अधिक, सुभाष के खाते से एक करोड़ से अधिक और संतोष के खाते से करीब 1.18 करोड़ की रकम गायब हुई है। बिजेंद्र सिंह के खाते से 88 लाख रुपए और एफडी से 25 लाख रुपए, रणपाल के खाते से करीब 90.43 लाख की हेराफेरी हुई है। जबकि हनीफ खान के खाते से करीब 40 लाख, सोनू के खाते से करीब 1.07 करोड़, जगदीश की एफडी से 23 लाख और सुनीता की एफडी से 80 लाख रुपए गायब हैं। -------------------------- ये खबर भी पढ़िए… MBBS छात्रों ने जूनियर को मुर्गा बनाया, अश्लील हरकतें कराईं, मेडिकल कॉलेज के 17 छात्र सस्पेंड जालौन में रैगिंग करने पर 17 MBBS छात्रों को 3 महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया। साथ ही सभी पर 25-25 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है। पढ़ें पूरी खबर…