तमिलनाडु के तेनकासी जिले में रविवार को बड़ा बस हादसा हुआ। तेनकासी-तिरुनेलवेली रूट पर चल रही सरकारी बस वेत्ताइकरनकुलम के पास अळुथा कन्नी नदी में पलटकर गिर गई। बस में 32 यात्री सवार थे और 20 से ज्यादा के अंदर फंसे होने की आशंका है। हादसे में 17 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, बस सड़क से करीब 30 फीट नीचे नदी में गिरी। सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। गंभीर रूप से घायल बस ड्राइवर शिवशक्ति को तिरुनेलवेली के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को तेनकासी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… भोपाल से दिल्ली जा रही एअर इंडिया फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण जयपुर डायवर्ट एअर इंडिया ने बताया कि रविवार को भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान AI1886 को तकनीकी खराबी के कारण जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। एअर इंडिया ने कहा, “13 सितंबर को भोपाल से दिल्ली जा रही उड़ान AI1886 को निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण जयपुर डायवर्ट किया गया। विमान जयपुर में सुरक्षित उतर गया और एयर इंडिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप इसकी जांच की जा रही है।” महाराष्ट्र के पुणे में कई गाड़ियों की टक्कर, 2 की मौत; 12 घायल महाराष्ट्र के पुणे में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर रविवार को कई गाड़ियों की टक्कर में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। हादसा धायरी ब्रिज के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, सतारा से पुणे की ओर जा रहा एक ट्रक आगे चल रहे टेंपो से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां सड़क की दूसरी लेन में चली गईं और मुंबई से सतारा की ओर जा रही दो कारों से टकरा गईं। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अंबेगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक ड्राइवर प्रमोद विट्ठल वाघ और ट्रक मालिक संदीप गोरख सूर्यवंशी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस ने ट्रक मालिक को हिरासत में लिया है। राहुल गांधी ने BRICS डिनर के वेजिटेरियन मेन्यू पर सरकार को घेरा, कहा- 80% भारतीय नॉन-वेज खाते हैं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली में BRICS समिट के डिनर में परोसे गए वेजिटेरियन खाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि 80% भारतीय नॉन-वेज खाना खाते हैं और यह खाना स्वादिष्ट होता है। राहुल गांधी ने अपनी बहन के बनाए छोले-भटूरे का भी जिक्र किया और उसकी फोटो शेयर की। दरअसल, पीएम नरेंद्र मोदी ने BRICS समिट के दौरान भारत मंडपम में BRICS नेताओं के लिए भारतीय वेजिटेरियन डिनर आयोजित किया था। दिल्ली के गोदाम-कम-फैक्ट्री में आग, दहशत में पड़ोसी इमारत से कूदे 6 लोग, सभी खतरे से बाहर दिल्ली के स्वरूप नगर में रविवार को एक गोदाम-कम-फैक्ट्री में आग लग गई। आग ग्राउंड और पहली मंजिल पर लगी थी। फैक्ट्री में जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाए जाते हैं। हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर कोई मौजूद नहीं था। आग की लपटें देखकर पास की इमारत में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घबराहट में महिलाओं और बच्चों समेत 6 लोगों ने इमारत से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया और पुलिस के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है। दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 11:05 बजे आग की सूचना मिली। इसके बाद 15 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक आग लगने की परिस्थितियों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में लॉरी और ऑटो की टक्कर, 3 की मौत आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में रविवार को लॉरी और ऑटो की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, लॉरी मनापुरम की ओर से आ रही थी। मृतकों की पहचान और हादसे की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे की वजह और घटना की जांच कर रही है। मुंबई में इलेक्ट्रिक बस के बैटरी बॉक्स में आग लगी, कोई हताहत नहीं मुंबई में रविवार सुबह एक इलेक्ट्रिक बस के बैटरी बॉक्स में आग लग गई। घटना चेंबूर कैंप में कालीमाता मंदिर के पास सुबह 8:11 बजे हुई। यह बस एक निजी ऑपरेटर से वेट लीज पर ली गई थी। आग लगने के बाद दमकल, पुलिस, बेस्ट और वार्ड कर्मियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 9:34 बजे आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। गुजरात में बीमारी से 62 शेरों की मौत, शावक सबसे ज्यादा प्रभावित गुजरात में 31 जुलाई 2026 तक एक साल में बीमारी से 62 शेर, शेरनियों और शावकों की मौत हुई। विधानसभा में सरकार ने यह जानकारी दी। इनमें 28 शावक थे, जो कुल मौतों का 45.2% हैं। वहीं 17 शेर और 17 शेरनियां मरीं। मौतों में निमोनिया, खून की कमी, किडनी-लिवर की खराबी और दूसरी बीमारियां शामिल थीं। सरकार ने किसी एक बीमारी को सबसे बड़ी वजह नहीं बताया है। एयर इंडिया के पायलट की दिल्ली के होटल में संदिग्ध मौत, लेओवर के दौरान रुके थे राजधानी दिल्ली में लेओवर पर रुके एयर इंडिया के एक पायलट की शुक्रवार शाम वसंत कुंज स्थित एक होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक पायलट की उम्र 40 वर्ष के आसपास थी और वे मूल रूप से मुंबई के रहने वाले थे। उन्होंने हाल ही में एयर इंडिया एक्सप्रेस से ट्रांसफर लेकर एयर इंडिया जॉइन किया था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साहित्यकार केतकी कुशारी डायसन का इंग्लैंड में निधन, 86 वर्ष की थीं भारतीय मूल की लेखिका और रवींद्रनाथ टैगोर की रचनाओं की प्रख्यात विद्वान केतकी कुशारी डायसन का इंग्लैंड में निधन हो गया। वे 86 वर्ष की थीं. उनके परिवार के एक करीबी सूत्र ने इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने इंग्लैंड में अपने आवास पर अंतिम सांस ली. केतकी कुशारी डायसन ने अंग्रेजी अनुवाद और शोध के माध्यम से नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर के साहित्य और कलात्मक योगदान को वैश्विक पाठकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।