दौसा | राजस्थान प्रांतीय रैगर महासभा के सांगठनिक चुनाव रविवार को जयपुर स्थित रैगर छात्रावास में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी सी.एम. चांदोलिया (रिटायर्ड आईआरएस) के निर्देशन में पूरी चुनावी प्रक्रिया संपादित की गई, जिसमें समाज की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन किया गया। इस महत्वपूर्ण सांगठनिक बदलाव के साक्षी बनने के लिए कोटा, अलवर, दौसा, सीकर, अजमेर, जयपुर, टोंक, केकड़ी, सांपला और ब्यावर सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध जन और कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे। महासभा के चुनाव में समाज की एकता की मिसाल पेश करते हुए सभी प्रमुख पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। नई कार्यकारिणी में निम्नलिखित पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। िजसमें अध्यक्ष पर एडवोकेट गुलाबचंद बरोलिया (जयपुर), उपाध्यक्ष पर सुखदेव अटल (जयपुर),महासचिव बृजमोहन मौर्य (दौसा), सलाहकार मंत्री राजेन्द्र प्रसाद कनवाडिया (सीकर), संयुक्त सचिव श्री रामदेव जेलिया (कोटा),कोषाध्यक्ष श्री गंगाराम सांटोलिया (अलवर), वित्त मंत्री रामरख गोलिया (टोंक) और प्रचार मंत्री पर हीरालाल चौकड़ायत (लालसोट) का का निर्विरोध चयन किया गया। नवनियुक्त महासचिव बृजमोहन मौर्य ने बताया कि चुनाव अधिकारी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष दयानंद कुलदीप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष गुलाबचंद बरोलिया को साफा पहनाकर ससम्मान आसन ग्रहण करवाया। समाज बंधुओं ने फूल-मालाओं और साफे के साथ नई टीम का स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।