भास्कर संवाददाता| टोंक धुवांकलां पंचायत के हाड़ौती गांव के लोग बीते 5 से बीसलपुर के मीठे पानी को तरस रहे है। जलापूर्ति संकट से परेशान लोगों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। गांव के रमेश, संजू, जसोदा, मौसमी, आशा, राजू गुर्जर, किशन, माना समेत अन्य लोगों ने बताया कि गांव में 5 साल पहले बीसलपुर जलापूर्ति योजना के तहत घर घर में नल कनेक्शन स्वीकृत हुए थे। जिसके चलते हाडौती गांव में भी घर-घर कनेक्शन लगाए गए। कुछ दिनों तक तो उनके घरों तक पानी पहुंचा। बाद में नलों में पानी आना बंद हो गया। ग्रामीणों ने परियोजना अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से कई बार शिकायत की, बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने पूर्व जलदाय मंत्री को भी समस्या से अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि आगामी दो दिन में उनके घरों तक पानी नहीं पहुंचा तो वे आंदोलन पर विवश होंगे।