डूंगरपुर|बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ाने और उन्हें आत्मरक्षा के लिए सशक्त बनाने के उद्देश्य से वरदान किड्स स्कूल में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर जागरुकता और राजकॉप सिटीजन ऐप विषय पर एक विशेष सेमिनार एवं हैंड्स ऑन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खीवसिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यशाला में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवादात्मक गतिविधियों, वास्तविक जीवन के उदाहरणों और व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों को गुड टच एवं बैड टच की पहचान, असुरक्षित परिस्थितियों में सही निर्णय लेने, सहायता प्राप्त करने के प्रभावी तरीकों तथा राजकॉप सिटीजन ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। प्रधानाचार्या रश्मि जैन सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की प्रभारी स्नेहलता पीतांबर व उनकी टीम ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के साथ समाधान प्रस्तुत किया।